होम इंश्योरेंस के दायरे में क्या आता है?

Home Insurance Coverage

आपका घर आपके व्यक्तित्व का आइना होता है।  वो कहते हैं ना, कि अगर किसी को भीतर से जानना हो तो उसके घर को जाकर देखो। घर की साज सज्जा और उसके अंदर जो  कुछ भी बसता है, उसे व्यक्ति एक -एक करके जोड़ता है और उसमे समय लगता है।

चाहे वह बच्चों के कमरे का 5 स्टार रेटिंग वाला A C हो, या पचास दुकानों में घूमने के बाद पत्नी को  पसंद आया परदे का डिज़ाइन, यह सब किसी बेशकीमती सामान से कम थोड़े ही न है। लेकिन जरा सोचिये , किसी दिन आप दफ्तर से घर लौटे और पता चला कि बिजली की शार्ट सर्किट की वजह से घर का महँगा (टीवी , फ्रिज , कंप्यूटर वगैरह) सामान ख़राब हो गया है , या आप छुट्टियां गुज़ार कर खुशी- खुशी घर लौटे तो देखा कि पानी की लीकेज  के कारण महँगा कारपेट और फर्नीचर खराब हो चुका है। या ये भी हो सकता है कि घर में चोरी हो गयी हो। इसलिए हमारे पास कुछ ऐसा साधन उपलब्ध होना चाहिए जो हमारे घर और घर के सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी ले सके। इंश्योरेंस कंपनियों ने इसका भी हल निकाल लिया है , और वह है होम इंश्योरेंस पॉलिसी ।   
 
होम इंश्योरेंस पॉलिसी क्या कवर करता है-

अगर सरल भाषा में समझा जाए तो होम इंश्योरेंस जमीन के ऊपर बने मकान, और मकान के अंदर रखे सामान को प्राकृतिक या अप्राकृतिक कारणों से होने वाले नुकसान या नुकसान के कारण उसे ठीक करने में होने वाले खर्चे को कवर करता है। जिस ज़मीन के ऊपर मकान बना होता है, वह ज़मीन होम इंश्योरेंस में कवर नहीं होता।

आमतौर पर होम इंश्योरेंस में कवरेज दो तरह से दिया जाता है - पहला मकान के अंदर की चीज़ों का इंश्योरेंस,  और दूसरा  मकान और उसके भीतर रखा सामान, दोनों को होने वाले  नुकसान का इंश्योरेंस।

घर के अंदर कई तरह के सामान होते हैं, जैसे- फर्नीचर, घरेलू उपकरण , कपड़े , घर के डेकोरेशन की चीज़ें , गहने, पैसे, जरुरी कागज़  इत्यादि। कई कारणों से इन्हें नुकसान पहुंच सकता है, जैसे- चोरी, लूटपाट ,आगजनी  और कई तरह के अन्य खतरे जैसे  सिलेंडर  फटना, शॉर्ट सर्किट, पानी से जुड़े नुकसान जैसे -पानी की टंकी, उपकरण या पाइपों का फटकर बहना आदि। इसी तरह प्राकृतिक आपदाएँ  जैसे  भूकंप, आंधी, तूफान, बवंडर, बाढ़ और भूस्खलन जब अपना उपद्रव मचाते हैं तो भवन और उसके भीतर रखे सामान दोनों को बहुत नुकसान पहुँचता है। इसके अलावा कभी-कभी विस्फोट, दंगे, हमले और आतंकवाद जैसी घटनाएं अगर आपके घर के आस पास घटती हैं तो उससे मकान और सामान दोनों को नुकसान हो सकता है। होम इंश्योरेंस पॉलिसी में इन सभी खतरों के कारण होने वाले नुकसान को कवर किया जाता है।

Home Insurance Add On

अगर इमारत को होने वाले नुकसान की बात की जाए तो होम इंश्योरेंस इमारत के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले ईंटों और उसको बनाने में इस्तेमाल किये गए बाकी मैटेरियल को भी कवर करता है

यदि आपका घर किसी ऐसे खतरे के कारण नष्ट या क्षतिग्रस्त हो जाता है, जो बीमा के प्लान में शामिल है, और आपको अपना घर फिर से बनाने तक किराये के मकान में रहना पड़ता है, तो पॉलिसी आपके किराए के खर्च को भी कवर करती है। 
अगर आप किराए के मकान में रहते हैं, तो भी अपने घर के अंदर के सामान की इंश्योरेंस करवा सकते हैं।

बाजार में कई होम इंश्योरेंस कम्पनियाँ काम कर रही हैं जैसे -एचडीएफसी एर्गो होम इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड, भारती एक्सा, रिलायंस आदि। अलग अलग इंश्योरेंस कंपनियों ने ऊपर लिखे कवरेज को अपने-अपने हिसाब से अलग अलग प्लान में बाँट दिया है जिनमे से कुछ हैं - 

  • आग और उससे जुडी दुर्घटनाओं का कवरेज, 
  • मकान को होने वाले नुकसान से कवरेज
  • चोरी और लूटपाट से कवरेज 
  • गहने और कीमती सामान का कवरेज 
  • घर के कीमती उपकरणोँ का कवरेज, आदि। 

इसके अलावा थोड़ा अतिरिक्त प्रीमियम देने पर भूकंप और आतंकवाद जैसी कुछ अन्य आपदाओं से सुरक्षा का ऐड ऑन कवरेज भी लिया जा सकता है।

क्या कवर नहीं होता –
आमतौर पर सभी इंश्योरेंस कंपनियों के कवरेज क्षेत्र से बाहर रहने वाली चीज़ें हैं - लापरवाही के कारण संपत्ति को हुआ नुकसान, जानबूझकर संपत्ति को पहुंचाया गया नुकसान, समय के साथ ख़राब हुई चीजें, युद्ध या परमाणु हमले से हुआ नुकसान, आदि।   

हमारे देश का अलग- अलग कोना हर साल अलग अलग- तरह की आपदाओं के चपेट में आता रहता हैं। देश का कोई भाग बारिश और बाढ़ का कहर झेलता है, तो कोई आंधी और चक्रवाती तूफान का। चाहे लातूर, महाराष्ट्र और चमोली ,उत्तराखण्ड का भूकंप हो या चेन्नई में आई सुनामी, या फिर कश्मीर और केरल में आई बाढ़ ,इन प्राकृतिक आपदाओं ने जब दस्तक दी तो लोगों के घर और सामान का कितना नुकसान हुआ इसका अंदाज़ा भी लगाना मुश्किल है। इसके अलावा हर कॉलोनी में चोरिया होना एक आम बात है। कुछ इसी तरह की संभावनाओं को ध्यान में रखकर हमें होम इंश्योरेंस पॉलिसी अवश्य लेनी चाहिए।    

लेख में लिखी गई बातें जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से हैं। इस विषय को गहराई से जानने के लिए बाजार में मौज़ूद होम इंश्योरेंस कंपनियों से सीधे जानकारी प्राप्त करें।
होम इंश्योरेंस से जुडी अधिक बातों को जानने के लिए आप सही बीमा डॉट कॉम के वेबसाइट पर लॉग ऑन करें।

 

Home Insurance FAQ

 

Add new comment